झाबुआ जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने आज पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबुआ में कक्षा 6वीं की छात्रा प्रसिद्धी चौहान को साइकिल प्रदान की।
प्रसिद्धी चौहान ग्राम अम्बाखोदरा की निवासी हैं तथा प्रतिदिन विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए उन्होंने पिछली जनसुनवाई में साइकिल उपलब्ध कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर डॉ. भरसट ने जिला समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र श्री रालू सिंह सिंगार को छात्रा को शीघ्र साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में आज छात्रा को कलेक्टर द्वारा साइकिल प्रदान की गई। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा संसाधनों के अभाव में बाधित न हो। छात्र-छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
छात्रा प्रसिद्धी चौहान एवं उनके परिजनों ने साइकिल प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई नियमित रूप से जारी रख सकेंगी।
व्हाट्सएप्प चैनल से जुड़े
JOIN

